बारिश में नगर पालिका ने संभाली जल निकासी की कमान, नालियों की सफाई कर हटाया जलभराव
#हरदोई। बुधवार को हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई। सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद हरदोई की टीम सक्रिय हुई और प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी का काम शुरू कराया।
नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्रा ‘मधुर’ के निर्देश पर कर्मचारियों ने जलभराव वाले स्थानों पर नालियों की सफाई कर पानी की निकासी सुचारु करने का प्रयास किया। बारिश के दौरान भी कर्मचारी मौके पर डटे रहे और लोगों को राहत पहुंचाने में जुटे रहे।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार सफाई और निकासी की कार्रवाई की जा रही है।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें। नालियां साफ रहने से बारिश के पानी की निकासी आसानी से हो सकेगी और जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
Sadar, Lucknow | Aug 19, 2026