
जिला जनसम्पर्क कार्यालय दतिया (म.प्र.)
मध्यप्रदेश शासन
समाचार
रतनगढ़ माता मंदिर में अष्टमी पर्व पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए माता रानी के दर्शन, बेहतर व्यवस्थाओं के साथ मुस्तैद रहा प्रशासनिक अमला
दतिया 18 अक्टूबर 2026 / रतनगढ़ माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस का अमला मुस्तैदी से तैनात रहा। मंदिर परिसर एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्गों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सतत सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं का संचालन किया। प्रशासनिक अमले की तत्परता से श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वित प्रयास किए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन प्रशासन की प्राथमिकता रही। नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है।
क्रमांक 58/2026
--------0000-------
दशहरा कार्यक्रम के आयोजन को लेकर प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश
20 अक्टूबर को रामलीला मंचन, आतिशबाजी एवं रावण-कुंभकर्ण दहन कार्यक्रम होगा आयोजित
दतिया 18 अक्टूबर 2026 / दशहरा पर्व के अवसर पर दतिया में आयोजित होने वाले रामलीला मंचन एवं रावण-कुंभकर्ण दहन कार्यक्रम के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी, दतिया द्वारा अनुमति प्रदान करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, रात्रि 9 बजे से आतिशबाजी तथा रात्रि 10 बजे रावण एवं कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा।
कार्यक्रम के सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आयोजक समिति को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान माननीय सर्वाेच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाएगी, जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा न हो।
प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने तथा आतिशबाजी एवं पुतला दहन के दौरान आवश्यक सुरक्षा सावधानियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही कार्यक्रम में सामाजिक सद्भाव एवं शांति बनाए रखने, किसी भी जाति, धर्म या समुदाय के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी अथवा उत्तेजनापूर्ण भाषा का प्रयोग नहीं करने तथा हथियारों का प्रदर्शन नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आयोजक समिति से सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दशहरा पर्व के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करने हेतु निर्देश जारी किए हैं।
क्रमांक 59/2026
--------0000-------