
NH 39, मदरसा चौक के दोनों ओर बिजली पोल और तार लगाने की मांग,
चान्हो प्रखंड के मदरसा चौक स्थित एनएच-39 के दोनों ओर बिजली पोल एवं तार लगाने की मांग को लेकर ऑल मुस्लिम यूथ एसोसिएशन के केंद्रीय महासचिव रहमतुल्लाह अंसारी ने विद्युत विभाग के सहायक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल मांडर को आवेदन सौंपा है।
आवेदन के माध्यम से उन्होंने बताया कि मदरसा चौक के आसपास विद्युत विभाग द्वारा विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के एक ओर कुछ स्थानों पर बिजली के पोल लगाए गए हैं, लेकिन मुख्य चौक पर सड़क की दोनों बिजली का पोल और तार नहीं रहने के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मदरसा चौक एक व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में दुकानें संचालित हैं। सड़क के दोनों ओर बिजली के पोल और तार नहीं होने के कारण दुकानदारों को बिजली कनेक्शन लेने में परेशानी हो रही है।
रहमतुल्लाह अंसारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से जनहित को ध्यान में रखते हुए मदरसा चौक के एनएच-39 के दोनों ओर आवश्यकतानुसार बिजली पोल एवं तार लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के दुकानदारों और आम नागरिकों को काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही भविष्य में बिजली कनेक्शन और आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं में भी कमी आएगी।
Namkum, Ranchi | Nov 1, 2026