
हरदा मुख्य डाकघर में फिलाटेली पर सेमिनार, ऐतिहासिक धरोहरों पर जारी होंगे विशेष आवरण
डाक टिकट संग्रह की दी रोचक जानकारी, विद्यार्थियों को फिलाटेली से जोड़ने की तैयारी
अनोखा तीर, हरदा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरदा मुख्य डाकघर में ध्वजारोहण के साथ फिलाटेली (डाक टिकट संग्रह) विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस दौरान फिलाटेलिस्ट एवं टेबल टेनिस कोच मुकेश अग्रवाल ने डाक कर्मचारियों को फिलाटेली के संबंध में रोचक एवं महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में उप डाकपाल अरविंद जोशी को रायपुर प्रधान डाकघर द्वारा बैडमिंटन पर जारी विशेष पोस्टकार्ड का संपूर्ण किट भेंट किया गया। श्री जोशी ने बताया कि हरदा के कुछ स्कूलों के विद्यार्थियों को फिलाटेली खातों के माध्यम से इस अनूठी विधा से जोड़ा गया है। भविष्य में जिले के सभी स्कूलों के विद्यार्थियों को इससे जोड़ने की योजना है।
उन्होंने बताया कि हरदा की ऐतिहासिक विरासत घंटाघर, तेली की सराय और सिद्धनाथ धाम नेमावर पर प्रथम आवरण जारी कर मुख्य डाकघर हरदा में विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। डाक विभाग द्वारा विद्यार्थियों को फिलाटेली से जोड़ने के साथ ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता एवं ‘दीनदयाल स्पर्श योजना’ के माध्यम से छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है।
इस अवसर पर आईपीपीबी मैनेजर चंद्रकांत महाले, कमल सिंह कुशवाहा, आत्माराम सोलंकी (पेंशनर), सभी अभिकर्ता एवं डाकघर कर्मचारी उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Aug 15, 2026