#भरतपुर। रुदावल थाना क्षेत्र के माड़ापुरा गांव में एक किसान के बाड़े में बने कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर करीब 25 कट्टे सरसों चुरा ले गए। चोरी हुई सरसों का कुल वजन लगभग 1250 किलोग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है। घटना को लेकर पीड़ित किसान रमेश सिंह जाट ने रुदावल थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित रमेश सिंह के अनुसार, उनके घर से थोड़ी दूरी पर स्थित बाड़े के एक कमरे में 50-50 किलोग्राम के 25 कट्टे सरसों रखी हुई थी। जब उनकी पत्नी बाड़े में पहुंचीं, तो कमरे का ताला टूटा मिला और अंदर रखी पूरी सरसों गायब थी। पीड़ित ने गांव के ही गौरव और शैतान सिंह पर चोरी का संदेह जताते हुए उनके खिलाफ नामजद शिकायत दी है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है।