
वन्दे भारत लाइव न्यूज़ होडल ब्रेकिंग :भारी बारिश से होडल की सब्जी मंडी बनी तालाब, व्यापार ठप, सब्जियों को भारी नुकसान
होडल। क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश ने एक बार फिर होडल की मुख्य सब्जी मंडी की बदहाल व्यवस्था की पोल खोल दी। लगातार हुई बारिश के कारण मंडी परिसर में कई फीट तक गंदा पानी भर गया, जिससे पूरी मंडी तालाब में तब्दील हो गई। जलभराव के कारण व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और कई दुकानों व ठेलों पर रखी सब्जियां पानी में डूबकर खराब हो गईं।
बारिश के दौरान मंडी में खरीदारी करने पहुंचे लोगों और व्यापारियों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। जलभराव के चलते कारोबार कई घंटों तक प्रभावित रहा और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि वर्षों से हर बारिश में मंडी का यही हाल हो जाता है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडी में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। आसपास की कॉलोनियों और नालियों का गंदा पानी सीधे मंडी परिसर में आ जाता है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। उनका कहना है कि कई बार प्रशासन और नगर परिषद को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि हर बारिश में होने वाले जलभराव और व्यापारियों के नुकसान से बचा जा सके।
Hodal, Palwal | Aug 6, 2026