
तंत्र-मंत्र का मायाजाल! 'पैसों की बारिश' का झांसा देकर रचा करोड़पति बनाने का खेल, ऐसे ठगा गया युवक
मंदसौर। रातों-रात अमीर बनने का सपना दिखाकर "पैसों की बारिश" कराने का दावा करने वाले कथित तांत्रिकों और उनके साथियों का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चमत्कार और तंत्र-मंत्र के नाम पर रचा गया यह मायाजाल आखिरकार पुलिस तक पहुंच गया, जिसके बाद छह नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार रतलाम जिले के चिकलाना निवासी 30 वर्षीय गोपाल धाकड़ ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने उसे विश्वास दिलाया कि विशेष तांत्रिक विधि से उसके ऊपर पैसों की बारिश कराई जाएगी और वह देखते ही देखते मालामाल हो जाएगा। इस कथित चमत्कार के नाम पर उससे बड़ी रकम ले ली गई, लेकिन न तो कोई चमत्कार हुआ और न ही उसकी रकम वापस मिली। खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।
जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 186/26 दर्ज करते हुए कमलेश निवासी रिंगा, कवरलाल कुमावत निवासी कुचड़ोद, पृथ्वीराज कुमावत निवासी चिकलाना, नबीनूर निवासी कुचड़ोद, गोपाल निवासी कुचड़ोद तथा अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 351(3), 3(5) तथा 420, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे गिरोह की भूमिका खंगाल रही है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि अंधविश्वास और जल्द अमीर बनने की लालसा लोगों को ठगों के जाल में फंसा सकती है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार या पैसों की बारिश जैसे किसी भी झांसे में न आएं और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।