बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान कमजोर पड़ने के बाद भी झारखंड के मौसम पर अपना असर छोड़ रहा है। शुक्रवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई।
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को कनकनी महसूस हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासकर उत्तर-पूर्वी झारखंड के आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज शनिवार को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में शनिवार को घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जान लेना जरूरी होगा।
Namkum, Ranchi | Nov 21, 2026