Public App Logo
भाटखेड़ी से निकली कावड़ यात्रा में गूंजे ‘बोल बम’ के जयकारे बरोठा में जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत बरोठा। सावन के पावन अवसर पर भाटखेड़ी से हरिहर आश्रम तक निकाली गई पैदल कावड़ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का केंद्र रही। पवित्र जल लेकर निकले शिवभक्तों का बरोठा नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भाटखेड़ी से कावड़ यात्रा प्रारंभ हुई। कावड़ियों ने भाटखेड़ी से पवित्र जल भरकर पैदल यात्रा करते हुए सिद्धेश्वर महादेव, हरि आश्रम तक पहुंचकर यात्रा पूर्ण की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। बरोठा नगर में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने कावड़ियों के लिए जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था की। अभिषेक मैरिज गार्डन पर समाजसेवियों सालगराम नागर, लाखन नागर भाटखेड़ी, मुकेश नागर, ज्ञानसिंह गुर्जर एवं धर्मेंद्र नागर द्वारा कावड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों के लिए फलाहारी खिचड़ी और चाय का वितरण किया गया। यात्रा के कालोदिया आश्रम पहुंचने पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कावड़ियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। भंडारे के दौरान भी धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। कावड़ यात्रा के दौरान जगह-जगह हुए स्वागत और सेवा कार्यों ने आयोजन को और खास बना दिया। यात्रा की सफलता में नगर के सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पूरी यात्रा के दौरान आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। - Dewas Nagar News