
दंतौर थाना पुलिस की कार्रवाई
25 तोला सोना-नकदी चोरी का खुलासा ,
-अंतरराज्यीय बावरी गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार
-कई राज्यों में चोरी की वारदातें कबूली
बीकानेर। जिले की दंतौर थाना पुलिस ने करीब दस माह पहले हुई लाखों रुपए के सोने और नकदी की चोरी का सोमवार को खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय बावरी गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बीकानेर के अलावा पंजाब, हरियाणा और सीकर में भी कई चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने दो आरोपियों से चोरी का माल बरामद कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी से पूछताछ जारी है।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा तथा खाजूवाला वृत्ताधिकारी आकांक्षा कुमारी के निर्देशन में दंतौर थानाधिकारी महेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पिछली 25 अगस्त 2025 की रात हुई थी वारदात पुलिस के अनुसार गत 26 अगस्त 2025 को दंतौर निवासी अर्जुनराम विश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अगस्त की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। सुबह उठने पर घर की खिड़कियां और बक्सों के ताले टूटे मिले। जांच करने पर करीब 25 तोला सोना और नकदी चोरी होना सामने आया।तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार की गई पड़ताल के आधार पर पुलिस ने सोनू कुमार उम्र 25 वर्ष निवासी छतरगढ़ हाल घड़साना, लालसिंह उर्फ लाली उम्र 40 वर्ष निवासी बठिंडा (पंजाब) तथा रामकिशन उम्र 32 वर्ष निवासी बठिंडा (पंजाब) को गिरफ्तार किया।
*ऐसे करते थे चोरी*
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पहले जिस इलाके में चोरी करनी होती थी, वहां कुछ समय के लिए किराये पर कमरा लेकर रहता था। इसके बाद सुनसान जगहों पर बने मकानों की रेकी करता था। रात के समय निजी वाहन से गांव पहुंचकर मकानों की खिड़कियों की जाली काटकर अंदर प्रवेश करते और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।
आरोपी वारदात के दौरान अपने वाहन को घर से काफी दूरी पर खड़ा करते थे और मोबाइल फोन का उपयोग भी नहीं करते थे, ताकि पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। चोरी के बाद वे ऐसे रास्तों से निकलते थे जहां सीसीटीवी कैमरे और टोल प्लाजा नहीं हों। बाद में चोरी का माल आपस में बांट लेते थे।
*कई जिलों में वारदातें कबूलीं*
पूछताछ में आरोपियों ने बीकानेर जिले के पूगल, छतरगढ़, कोलायत, रणजीतपुरा और बाप थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। इसके अलावा सीकर जिले के गोकुलपुरा थाना क्षेत्र तथा हरियाणा के सिरसा मंडी क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूला है। पुलिस के अनुसार रणजीतपुरा और बाप थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों में भी आरोपी वांछित चल रहे हैं।
*एक आरोपी पुलिस रिमांड पर*
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू कुमार और रामकिशन से चोरी का माल बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं तीसरे आरोपी लालसिंह उर्फ लाली को 15 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ कर चोरी का शेष माल बरामद करने और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में अन्य कई चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
*इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका*
कार्रवाई में दंतौर थानाधिकारी महेश कुमार, उपनिरीक्षक बाबूलाल, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार तथा कांस्टेबल रामकिशोर, सुरेश विश्नोई और हनुमानराम की विशेष भूमिका रही।