बीकानेर की बदहाल सड़कों और खुले सीवर चैंबरों पर फूटा भाजपा नेता रामकिशोर तिवाड़ी का गुस्सा
बीकानेर। शहर की जर्जर सड़कों, खुले सीवर चैंबरों और विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर तिवाड़ी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने बीकानेर लाइव से बातचीत में कहा कि शहर की वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तिवाड़ी ने कहा कि भाजपा की सरकार होने के बावजूद शहर की यह हालत देखकर दुख होता है। उन्होंने कहा कि जब भी वे मोहल्लों में निकलते हैं तो लोग उन्हें सरकार और जनप्रतिनिधियों के नाम पर ताने देते हैं। उन्होंने कहा कि जस्सूसर गेट के अंदर से लेकर डागा चौक तक सड़कें इतनी खराब हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह खुले सीवर चैंबर दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।
तिवाड़ी ने जोर दे कर कहा कि माताजी मंदिर के पुलिए से एलिक्जर स्कूल तक मौत के गड्ढों क़ो तुरंत नहीं भरा गया तो मानसून में लोगों की जान भी जा सकती हैl
उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर निगम, यूआईटी, बीडीए, स्थानीय विधायक और सांसद सहित सभी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक कई बार अपनी बात पहुंचाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बीकानेर लाइव के सवाल पर तिवाड़ी ने कहा कि सरकार ने विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराया है, लेकिन उसका सही उपयोग नहीं हो पा रहा। उन्होंने कहा कि वे सरकार को पूरी तरह जिम्मेदार नहीं मानते, बल्कि जनप्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों और शहर में कार्य कर रही बाहरी निर्माण कंपनियों की कार्यशैली को इस स्थिति का मुख्य कारण मानते हैं।
तिवाड़ी ने कहा कि यदि समय रहते सड़कों की मरम्मत, सीवर व्यवस्था और विकास कार्यों में सुधार नहीं किया गया तो शहर की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभागों से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर आमजन को राहत देने की मांग की।