
सदर अस्पताल हाजीपुर में रेफरल मामलों में कमी, 4 दिनों में 75 सर्जरी
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहल और डीएम वर्षा सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की कवायद तेज
हाजीपुर। वैशाली जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और प्रभावी बनाने की दिशा में सदर अस्पताल, हाजीपुर में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहल तथा जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निरंतर मार्गदर्शन में अस्पताल में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और अनावश्यक रेफरल को कम करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप 15 अगस्त 2026 से सदर अस्पताल से रेफर किए जाने वाले मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने इस उपलब्धि पर सदर अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों, सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक समेत सभी स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मरीजों को सदर अस्पताल में ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
15 से 18 अगस्त के बीच 75 सी-सेक्शन और सर्जरी
15 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक सदर अस्पताल में कुल 75 सी-सेक्शन एवं अन्य सर्जिकल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। वहीं ICU में भर्ती 7 मरीजों का सफल उपचार किया गया। इस दौरान जटिल एवं विशेष प्रकृति के मामलों का भी अस्पताल में इलाज किया गया। इनमें 1 क्लब फुट, 2 बर्न केस, 2 सड़क दुर्घटना (RTA) के मामले और 4 मोतियाबिंद के ऑपरेशन शामिल हैं।
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं सहित आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपचार व्यवस्था को बेहतर बनाने में लगातार सहयोग कर रहे हैं।
हड्डी और ENT के लिए अलग ऑपरेशन थिएटर
सदर अस्पताल में हड्डी रोग और ENT (कान, नाक एवं गला) से संबंधित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अलग ऑपरेशन थिएटर बनाने की दिशा में भी पहल की गई है। जिला पदाधिकारी ने इस संबंध में अस्पताल उपाधीक्षक (DS) और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि अस्पताल की उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अनावश्यक रेफरल को न्यूनतम किया जाए। मरीजों एवं उनके परिजनों से नियमित फीडबैक लेकर अस्पताल की कमियों को चिन्हित कर दूर करने की भी कवायद जारी रहेगी।
वैशाली जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने बुधवार रात करीब 8 बजे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
#Vaishali #Hajipur #SadarHospital #VaishaliNews #HajipurNews #BiharNews #HealthDepartment #HealthServices #NishantKumar #VarshaSingh #BiharHealth #ICU #Surgery #Cesarean #ENT #Orthopaedics #YoungIndiaNews