अर्टिगा कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल
जारी/कौंधियारा, प्रयागराज। कौंधियारा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय रीवा राजमार्ग पर जारी-बरेठिया गांव के पास गुरुवार सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर के बाद कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को उपचार के लिए नजदीकी नर्सिंग होम भेजा, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
बताया गया कि अर्टिगा कार में सवार लोग हादसे में सुरक्षित हैं। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
Bara, Allahabad | Aug 13, 2026