
तीन जिलों में वांछित 12 हजार का इनामी तस्कर विक्रम गिरफ्तार, लंबे समय से पुलिस को दे रहा था चकमा
जोधपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी को जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट पश्चिम की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी विक्रम पर सिरोही, पाली और फलोदी जिले की पुलिस ने कुल 12 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार डीसीपी पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशन में डीएसटी वेस्ट की टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर विक्रम पुत्र गेवरराम को गिरफ्तार कर लिया।
तीन जिलों की पुलिस को थी तलाश
आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। सिरोही, पाली और फलोदी जिला पुलिस को अलग-अलग प्रकरणों में उसकी लंबे समय से तलाश थी। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था और पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
डीएसटी वेस्ट ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब संबंधित पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाएगी।