
ऋषिकेश से चुनाव लड़ने का ऐलान किया, अगले ही दिन भारत में बंद हुआ केशव थलवाल का फेसबुक अकाउंट
टिहरी गढ़वाल। प्रतापनगर के लम्बगांव निवासी केशव थलवाल का फेसबुक अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। फेसबुक पर दिखाई दे रहे नोटिस के अनुसार, भारत सरकार/कानून प्रवर्तन एजेंसी की ओर से मिले नोटिस के आधार पर उनके कंटेंट को भारत में प्रतिबंधित किया गया है।
फेसबुक के नोटिस में लिखा है कि कार्रवाई Information Technology Act, 2000 की धारा 79(3)(b) के तहत की गई है। नोटिस में इसे स्थानीय कानूनों के आधार पर लिया गया निर्णय बताया गया है। हालांकि, स्क्रीनशॉट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किस पोस्ट या किस मामले को लेकर यह नोटिस जारी हुआ।
केशव थलवाल पिछले काफी समय से उत्तराखंड पुलिस के खिलाफ कथित तौर पर अपनी लड़ाई को लेकर चर्चा में हैं। उनका आरोप रहा है कि पुलिस ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया था। इस मामले को लेकर न्यायालय में मामला लंबित बताया जा रहा है।
खास बात यह है कि एक दिन पहले ही केशव थलवाल ने ऋषिकेश से विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया था और इसके अगले ही दिन उनके फेसबुक अकाउंट पर भारत में रोक की जानकारी सामने आई है।
डेढ़ लाख से अधिक फॉलोअर्स वाले इस फेसबुक अकाउंट को केशव अपनी बात जनता तक पहुंचाने के प्रमुख माध्यम के तौर पर इस्तेमाल करते थे। केशव का कहना है कि उनके खिलाफ अलग-अलग मामलों में करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं और उन्हें लगातार अदालतों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग उनके लिए अपनी आवाज उठाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम थी।
फेसबुक अकाउंट पर लगी रोक के बाद केशव थलवाल ने सवाल उठाया है कि “क्या अन्याय के खिलाफ लड़ना इतना मुश्किल हो गया है कि मेरी आवाज हर जगह दबाई जा रही है?” केशव थलवाल के अनुसार पहले उनका इंस्टाग्राम आईडी पुलिस ने डिलीट कर दी थी अब फेसबुक बन्द कर दिया जिस कारण वो हाईकोर्ट का रुख करंगे
फिलहाल फेसबुक के नोटिस में सरकार या कानून प्रवर्तन एजेंसी की ओर से भेजे गए आदेश का विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं दिख रहा है। ऐसे में यह स्पष्ट होना बाकी है कि आखिर किस शिकायत, पोस्ट या मामले के आधार पर केशव थलवाल के फेसबुक कंटेंट को भारत में प्रतिबंधित किया गया है।
#KeshavThalwal #KeshavSingh #TehriGarhwal #PratapNagar #Lambgaon #Uttarakhand #FacebookBan #FacebookIndia #UttarakhandNews #Rishikesh #UttarakhandPolice #TehriNews #SocialMedia #BreakingNews