
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य समापन वरीय उप समाहर्ता-सह-उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, सीतामढ़ी द्वारा विधिवत ध्वज अवतरण कर किया गया।
सीतामढ़ी, 04 अक्टूबर 2026। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आज भव्य एवं सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 01 अक्टूबर से 04 अक्टूबर 2026 तक किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 3,061 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स, कबड्डी, साइकिलिंग एवं कुश्ती खेलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभावान खिलाड़ी आगामी प्रमंडल एवं राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं आत्मविश्वास का विकास करता है। खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, जिला खेल कार्यालय, तकनीकी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों के प्रतिनिधियों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी को प्रशश्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
जिला खेल कार्यालय, सीतामढ़ी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, विद्यालयों एवं सहयोगी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
#CMSamrat #samratchoudhary