राम-जानकी पथ समेत प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर डीएम सख्त, समयसीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश
राम-जानकी पथ, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे और मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन की प्रगति की समीक्षा
सीतामढ़ी, जिले में प्रस्तावित प्रमुख सड़क परियोजनाओं को लेकर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने सोमवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में राम-जानकी पथ, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे तथा मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन परियोजना से जुड़े प्रारंभिक एवं तकनीकी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में एनएचएआई के परियोजना निदेशक, मुजफ्फरपुर एवं भागलपुर, सीतामढ़ी एवं छपरा के एनएचएआई पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को परियोजनाओं से जुड़े तकनीकी सर्वेक्षण, प्रारंभिक प्रक्रियाओं और भू-अर्जन समेत अन्य आवश्यक कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने कहा कि महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के बाद अब इनके क्रियान्वयन से जुड़ी तकनीकी एवं अन्य प्रारंभिक प्रक्रियाओं को समयबद्ध और समन्वित तरीके से आगे बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के धरातल पर क्रियान्वित होने से जिले की कनेक्टिविटी और आवागमन बेहतर होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों तथा आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।