
रामनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑपरेशन प्रहार के तहत सात वारंटी गिरफ्तार
रिपोर्टर: अरबाज़ खान
स्थान: रामनगर, नैनीताल (उत्तराखंड)
रामनगर। दीवाली के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रामनगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) में वांछित चल रहे सात वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपितों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में फरार वारंटियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सात वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में भवानीगंज गूलरघट्टी निवासी मौ. अनवर, उदयपुरी बंदोबस्ती निवासी प्रीतपाल सिंह कड़ाकोटी, थारी हल्दुवा निवासी ज्योति कौर, तुमड़िया डाम मालधन चौड़ निवासी रोशन लाल, गोविंदपुर तुमड़िया निवासी रमेश सिंह, तुमड़िया डाम नंबर-1 चंद्रनगर निवासी कुलवंत सिंह और तुमड़िया डाम नंबर-1 मालधन निवासी सोनू सिंह शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान एक अभियोग का निस्तारण भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर फरार चल रहे आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#रामनगर_पुलिस #ऑपरेशन_प्रहार #सात_वारंटी_गिरफ्तार #रामनगर_पुलिस_एक्शन #कानून_व्यवस्था #नैनीताल_पुलिस #एसएसपी_मंजूनाथ_टीसी #कोतवाल_सुशील_कुमार #रविकांत_सेमवाल #उत्तराखंड_पुलिस #RamnagarPolice #NainitalPolice #UttarakhandNews #ArbazKhan