
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, बरेली
-----------------------------
*14 वर्ष तक की किशोरियों को सरकारी अस्पतालों में निशुल्क लगेगी एचपीवी वैक्सीन*
*जिलाधिकारी ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर चलाया जागरूकता अभियान*
*जिले के सीएचसी, पीएचसी और शहरी स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रतिदिन हो रहा एचपीवी टीकाकरण*
*नगर निगम, स्कूल और स्वास्थ्य विभाग मिलकर बढ़ाएंगे एचपीवी टीकाकरण*
बरेली, 06 जून। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अवगत कराया है कि जनपद में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु 14 वर्ष की किशोरियों (जिन्होंने 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है) को एच०पी०वी० वैक्सीनेशन (गार्डासिल) से आच्छादित किया जाना है।
उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा प्रमुख कैंसर है और एच०पी०वी० वैक्सीन के माध्यम से इसे रोका जा सकता है। एच०पी०वी० टीकाकरण समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों व नगरीय क्षेत्र (कोल्डचेन प्वांइट) में अर्बन प्राथमिक स्वा0 केन्द्र पीरबहोड़ा, बानखाना, नदोसी, बाकरगंज, सुभाषनगर, सिविल लाइन्स, जगतपुर, पुरानाशहर व जिला महिला चिकित्सालय, बरेली में प्रतिदिन किया जा रहा है, इसके अतिरिक्त प्रत्येक रविवार को समस्त प्रा०स्वा० केन्द्रों व उपरोक्त अर्बन प्रा०स्वा० केन्द्रों पर प्रारम्भ किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एच०पी०वी० की एक डोज की कीमत बाजार में लगभग चार हजार है, परन्तु सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर यह वैक्सीन निःशुल्क लगायी जा रही है। लगभग 160 देशों ने एच०पी०वी० वैक्सीन को अपने टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर लिया है। वर्ष 2006 से अब तक 50 करोड़ से अधिक लोगों को एच०पी०वी० वैक्सीन जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जिनकी बेटी इस आयु वर्ग में है वे माता-पिता या अभिभावक यू-विन पोर्टल (uwin.mohfw.gov.in) पर लॉगिन करके स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं। टीकाकरण के लिये मोबाइल फोन के साथ आयु प्रमाण पत्र (आधार कार्ड/जन्म प्रमाण पत्र/राशन कार्ड/स्कूल आईडी कार्ड में से कोई एक अवश्य साथ ले जायें। अपनी बेटी को एच०पी०वी० का टीका अवश्य लगवाएँ और अन्य लोगों को भी प्रेरित करें।
नगर आयुक्त नगर निगम को निर्देश दिए गए कि शहरी क्षेत्र में एच०पी०वी० टीकाकरण हेतु जागरूकता बढ़ाने के लिये कूड़ा ढोने वाली गाड़ियों, नगर निगम के होर्डिंग्स और डिजीटल स्कीन का उपयोग किया जाये। सोशल मीडिया, रचनात्मक पोस्ट और वीडियो के माध्यम से एच०पी०वी० टीकाकरण हेतु सकारात्मक माहौल बनाया जाए। सी०एस०आर०/अन्य स्त्रोतों के माध्यम से एच०पी०वी० टीकाकरण को बढ़ाने के लिये दीवार लेखन आदि की गतिविधि आयोजित की जायें।
जिला विद्यालय निरीक्षक/जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जनपद स्तर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/जिला प्रतिरक्षण अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर अपने अधीनस्थ समस्त स्कूलों में 14 वर्ष की किशोरियों (जिन्होंने 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है) को सूचीबद्ध करते हुए उनकी सूची मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध करायी जाये। साथ ही यह भी अवगत कराया जाए कि उक्त टीका अभिभावकों की लिखित सहमति के पश्चात लगाया जायेगा, इसलिये समस्त स्कूलों में पेरेंट्स टीचर मीटिंग कर अभिभावकों की लिखित सहमति प्राप्त कर लें, इसके उपरांत अध्यापकों की ड्यूटी रोस्टर वाइज लगाते हुए किशोरियों को नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर अभिभावकों के साथ भेजना सुनिश्चित करें।# bareilly news #DM Bareilly
-----------------------------