
कन्या छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर बलाई महासंघ ने उठाए सवाल
तीनों अधीक्षिकाओं की अनुपस्थिति और पुरुष अधीक्षक के आवागमन की जांच की मांग
देवास। टोंकखुर्द स्थित अनुसूचित जाति के तीन कन्या छात्रावासों की व्यवस्थाओं को लेकर अखिल भारतीय श्री बलाई महासंघ ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपा। महासंघ ने 18 सितंबर के निरीक्षण के दौरान तीनों अधीक्षिकाओं की अनुपस्थिति और कन्या छात्रावास परिसर में पुरुष अधीक्षक धर्मेंद्र पटेल के आवागमन की जांच की मांग की है।
टोंकखुर्द में एक ही भवन में अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास, अनुसूचित जाति उत्कृष्ट कन्या छात्रावास और पिपलिया सड़क सीनियर कन्या छात्रावास संचालित हैं। इनमें करीब 150 छात्राएं रहती हैं। महासंघ के अनुसार 18 सितंबर की शाम के समय अनुविभागीय अधिकारी के निरीक्षण के दौरान तीनों छात्रावासों की अधीक्षिकाओं के अनुपस्थित होने की जानकारी सामने आई थी। महासंघ ने निरीक्षण रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है।
पुरुष अधीक्षक के आवागमन पर सवाल
महासंघ ने पुरुष अधीक्षक धर्मेंद्र पटेल के शाम के समय छात्रावास आने-जाने को लेकर भी विभागीय अनुमति और ड्यूटी व्यवस्था स्पष्ट करने की मांग की है। साथ ही तीनों छात्रावासों के उपस्थिति रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट और प्रवेश-निकास रिकॉर्ड की जांच का अनुरोध किया है।
आवेदन में संबंधित अधीक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी का भी उल्लेख है। महासंघ ने कहा कि जांच का उद्देश्य किसी व्यक्ति को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा और छात्रावास की व्यवस्थाओं से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करना है। जांच में लापरवाही या नियम विरुद्ध आचरण सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।