
#सफलता_की_कहानी
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना बनी आत्मनिर्भरता का आधार
₹10 हजार से शुरू हुई सफलता की राह, समय पर ऋण चुकाने से मिला ₹50 हजार तक का अवसर
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना छोटे एवं रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए आर्थिक संबल बनकर उभरी है। इस योजना के माध्यम से अनेक छोटे व्यवसायियों को बिना किसी बड़ी औपचारिकता के कार्यशील पूंजी उपलब्ध हो रही है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। झाबुआ जिले की नगर परिषद थांदला निवासी श्रीमती पारी की सफलता की कहानी इसी का प्रेरणादायी उदाहरण है।
श्रीमती पारी वर्षों से सड़क किनारे ठेले पर फल एवं सब्जियों का विक्रय कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। सीमित पूंजी के कारण वे अपने व्यवसाय का विस्तार नहीं कर पा रही थीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से आवश्यक ऋण प्राप्त करना भी उनके लिए आसान नहीं था, जिससे आय बढ़ाने के प्रयास लगातार बाधित हो रहे थे।
इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने नगर परिषद थांदला के माध्यम से योजना में आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद भारतीय स्टेट बैंक, थांदला द्वारा उन्हें योजना के तहत ₹10,000 का प्रथम कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया गया। इस राशि से उन्होंने अपने व्यवसाय के लिए आवश्यक सामग्री खरीदी तथा ठेले पर अधिक मात्रा और विविधता के साथ फल एवं सब्जियां रखना प्रारंभ किया।
व्यवसाय में सुधार और ग्राहकों की संख्या बढ़ने से उनकी आय में लगातार वृद्धि हुई। उन्होंने योजना के तहत प्राप्त प्रथम ऋण की सभी किस्तों का समय पर भुगतान किया। समय पर ऋण चुकाने के कारण उन्हें योजना के अगले चरण में ₹20,000 का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने अपने व्यवसाय का और अधिक विस्तार किया तथा आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इसके बाद ₹20,000 का ऋण भी समय पर पूर्ण रूप से जमा करने पर अब उन्हें योजना के अंतर्गत ₹50,000 तक का ऋण प्राप्त करने का अवसर मिला है।
श्रीमती पारी बताती हैं कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने उनके जीवन में आर्थिक आत्मविश्वास का संचार किया है। आज वे न केवल अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उनका कहना है कि यह योजना छोटे व्यवसायियों के लिए एक नई शुरुआत और आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम है।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से झाबुआ जिले में भी अनेक रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ व्यवसायियों को स्वरोजगार को मजबूत करने का अवसर मिला है। यह योजना छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें सम्मानपूर्वक आजीविका अर्जित करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Urban Development & Housing MP #Jhabua #JansamparkMP #SuccessStory