
विसर्जन ड्यूटी के दौरान हुड़दंग और विवाद, चार लोगों पर पुलिस की कार्रवाई
देवास। शहर में त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए देवास पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और विवाद करने वाले चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर एसडीएम न्यायालय, देवास के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त एवं गणेश विसर्जन ड्यूटी के दौरान कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हंगामा, गाली-गलौज और आपसी विवाद करने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को समझाइश दी, लेकिन वे विवाद करने पर आमादा रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोक शांति भंग होने की आशंका में चारों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा क्रमांक 135/2026 एवं 136/2026 तैयार किया और चारों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में कान्हा उर्फ कपिल पिता किशन हरगोडे (28), रोहन पिता रामकृष्ण बैरागी (24), अमन पिता बहादुर चौधरी (22) और कोमल पिता गिरवर सिंह राजावत (50), सभी निवासी देवास शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र राजपूत और गोपाल दोहरे की भूमिका रही।
देवास पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों को शांति, सौहार्द और मर्यादा के साथ मनाएं। किसी भी तरह के हुड़दंग या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें।