
बसाल मेले में भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप व जिप अध्यक्ष शीला का भव्य स्वागत
ग्राम पंचायत बसाल में आयोजित पारंपरिक मेले के दौरान भाजपा नेता एवं सोलन से विधायक प्रत्याशी रहे डॉ. राजेश कश्यप और जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शीला ने शिरकत की। मेला स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों और मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं के साथ दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. राजेश कश्यप ने मेले में आए क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. कश्यप ने कहा कि हिमाचल के पारंपरिक मेले हमारी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और आपसी भाईचारे के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में भी ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने और हमारी विरासत को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शीला ने भी क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत सलोगड़ा के प्रधान मनोज शर्मा, ग्राम पंचायत डांगरी के प्रधान सन्नी, भाजपा युवा मोर्चा शहरी मंडल के उपाध्यक्ष अंशुल ठाकुर सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे