
कोदो एवं कुटकी का समर्थन मूल्य पर उपार्जन कराने किसान 5 नवंबर तक कराएं पंजीयन
मध्यप्रदेश शासन की रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026 (विपणन वर्ष 2026-27) में कोदो एवं कुटकी के उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन 6 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि योजना के अंतर्गत कोदो का उपार्जन मूल्य 2600 रुपये प्रति क्विंटल तथा कुटकी का उपार्जन मूल्य 3600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों का पंजीयन ई-उपार्जन पोर्टल www.mpeuparjan.nic.in पर किया जा रहा है।
किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों तथा सहकारी समितियों द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर की गई है। इसके अतिरिक्त एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे के माध्यम से सशुल्क पंजीयन भी कराया जा सकता है। उप संचालक ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 से पूर्व कोदो एवं कुटकी फसल के उपार्जन हेतु अपना पंजीयन अवश्य कराएं।
#umaria