
वैशाली के लालगंज से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। एक युवक की अस्पताल में मौत के बाद परिजनों को शव घर ले जाने के लिए एंबुलेंस या शव वाहन नहीं मिल सका। मजबूर होकर परिजनों ने उसी ठेले पर शव रखकर घर का रुख किया, जिससे युवक को अस्पताल लाया गया था।
जानकारी के अनुसार लालगंज थाना क्षेत्र के कसेरा टोला, वार्ड नंबर-6 निवासी 31 वर्षीय मोनू कुमार घर के पास पानी भरे गड्ढे में गिर गए थे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें ठेले से लालगंज रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जया अम्बष्टा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की पुष्टि के बाद परिजनों ने शव को घर ले जाने के लिए अस्पताल प्रबंधन से वाहन की मांग की। आरोप है कि उन्हें शव वाहन या एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद परिजन मजबूरी में उसी ठेले पर शव लेकर घर चले गए।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी अस्पतालों में शव वाहन की उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
वहीं, वैशाली के सिविल सर्जन ने कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी।
#Vaishali #Lalganj #BiharNews #VaishaliNews #HealthSystem #BiharHealth #LalganjNews #Ambulance #BreakingNews #YoungIndiaNews #स्वास्थ्य_व्यवस्था #वैशाली #लालगंज #बिहार_न्यूज