
लखीसराय । 1.51 लाख पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी से भेजे गए 14.51 करोड़ रुपये
लखीसराय। मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी द्वारा डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से पेंशनधारियों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित की गई। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में देखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था, राष्ट्रीय विधवा एवं राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजनाओं के तहत मई और जून माह की पेंशन राशि लाभुकों के खातों में भेजी गई। वहीं राज्य सरकार की मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना तथा बिहार दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत जून माह की पेंशन का भी डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया गया।
लखीसराय जिले में कुल 1.51 लाख पेंशनधारियों के बैंक खातों में 14 करोड़ 51 लाख 51 हजार 500 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई।
जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि डीबीटी व्यवस्था से पारदर्शिता और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हुआ है तथा लाभार्थियों को बिना किसी बिचौलिये के सीधे उनके खातों में राशि मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों को सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित रहे।