
रामपुर एचपीएस ने ऊर्जा संरक्षण पर आयोजित की निबंध लेखन प्रतियोगिता, विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित
घरेलू ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से परियोजना प्रभावित क्षेत्र के विद्यालयों में हुई प्रतियोगिताएं
परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को किया प्रोत्साहित
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। भारत द्वारा वर्ष 2026 में ब्रिक्स (BRICS) की अध्यक्षता किए जाने के अवसर पर एक से सात नवंबर तक सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया गया। इसी कड़ी में विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार एसजेवीएन की रामपुर जलविद्युत परियोजना (रामपुर एचपीएस) की ओर से ऊर्जा संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के तहत परियोजना के विभिन्न कार्यालयों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके अलावा परियोजना प्रभावित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में घरेलू ऊर्जा बचत विषय पर अलग-अलग श्रेणियों में निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में राजकीय माध्यमिक विद्यालय बायल, राजकीय उच्च विद्यालय कोयल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में राजकीय माध्यमिक विद्यालय बायल से रान्या, अजय, तन्मय, पल्लवी और वियांन, राजकीय उच्च विद्यालय कोयल से कंचन, आशु, सेजल, परणीत और आरती तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर से वेदिका, आरुषि चौहान, प्रीति ठाकुर, आयुष कुमार सोनी, पायल दत्ता और धैर्य श्याम ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किए।
विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए 10 नवंबर को रामपुर एचपीएस के बायल स्थित सम्मेलन कक्ष में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें परियोजना प्रमुख विकास मारवाह सहित विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने घरेलू स्तर पर ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से ऊर्जा बचत के उपायों को अपनाने और समाज में इनके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं।
Ani, Kullu | Nov 11, 2026