
कोतवाली पुलिस की एरिया डोमिनेशन' के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध हथियार, शराब व म्यूल खाताधारक सहित 11 लोग गिरफ्तार
सवाई माधोपुर अपराधियों की धरपकड़ और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सवाई माधोपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष 'एरिया डोमिनेशन' अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्यैष्ठा मैत्रेयी के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजौरा व पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र मीना के सुपर विजन में थानाधिकारी मांगेलाल के नेतृत्व में गठित 5 अलग-अलग टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर कई अपराधियों को दबोचा।
अवैध देशी कट्टा व जिंदा कारतूस सहित बदमाश गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड से श्मशान घाट मार्ग पर दबिश देकर प्रीतम नट (23 वर्ष, निवासी विनोबा बस्ती, आलनपुर) को एक अवैध देशी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
साइबर फ्रॉड के लिए खाता देने वाला 'म्यूल अकाउंट' धारक दबोचा
साइबर सेल की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुनील सैनी (19 वर्ष, निवासी सूरवाल) को गिरफ्तार किया। आरोपी कमीशन के लालच में साइबर ठगी की रकम डलवाने और राशि हड़पने के मामले में संलिप्त था।
60 पव्वे अवैध शराब बरामद
डेकवा रेलवे फाटक के पास से शुभम बैरवा (20 वर्ष, निवासी संग्रामपुरा) को एक प्लास्टिक के कट्टे में रखे 60 पव्वे अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
तेज आवाज में डीजे/स्पीकर बजाने पर ट्रैक्टर व ध्वनि यंत्र जब्त
सामान्य चिकित्सालय के पास तेज आवाज में राजस्थानी लोकगीत बजाकर मरीजों व राहगीरों को परेशान करने वाले ट्रैक्टर को जब्त किया गया। पुलिस ने आरएनसी एक्ट के तहत धनकेश मीना (35 वर्ष, निवासी बसौ खुर्द) के खिलाफ कार्रवाई की।
06 स्थायी/गिरफ्तारी वारंटी दबोचे
पुलिस टीमों ने लंबे समय से फरार चल रहे 6 वारंटियों (रामसिंह, पृथ्वीराज, प्रशांत मीना, पवन साहू, नरेश जैन और अनश मोहम्मद) को विभिन्न इलाकों में दबिश देकर गिरफ्तार किया।
शांति भंग में 3 पर कार्रवाई
सार्वजनिक शांति व्यवस्था प्रभावित करने पर साबरिया वैष्णव, इमामुद्दीन और फरीद को धारा 151 के तहत पाबंद कर गिरफ्तार किया गया। कोतवाली पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों से अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है और क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान आगे भी जारी रहेगा।