रतनगढ़ मेले में व्यवस्थाओं का पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन के लिए पुलिस बल मुस्तैद
रतनगढ़ माता मंदिर में अष्टमी पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन एवं सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल ने रतनगढ़ मेले में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेला परिसर में तैनात पुलिस बल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रशासनिक एवं पुलिस अमला मेले में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए सतत सक्रिय है। श्रद्धालुओं को सुगमता से माता रानी के दर्शन हो सकें तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए हैं।