
बर्फबारी के अलर्ट से भारत-चीन व्यापार पर लगा ब्रेक, 74.95 लाख के कारोबार पर सिमटा सत्र
तकलाकोट में भारी बर्फबारी की चेतावनी के बाद प्रशासन का फरमान, 26 अक्टूबर तक स्वदेश लौटे सभी भारतीय व्यापारी
धारचूला। चीन के तकलाकोट में भारी बर्फबारी की चेतावनी के चलते भारत-चीन पारंपरिक व्यापार सत्र समय से पहले ही समाप्त हो गया। मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए तकलाकोट प्रशासन ने भारतीय व्यापारियों को 2अक्टूबर से पहले स्वदेश लौटने के सख्त निर्देश जारी किए थे। इसके बाद सभी भारतीय व्यापारी 26 अक्टूबर तक भारत लौट आए और व्यापारिक गतिविधियों पर विराम लग गया।
उपजिलाधिकारी धारचूला के अनुसार, इस वर्ष भारत-चीन पारंपरिक व्यापार के तहत भारतीय व्यापारियों ने कुल 74,95,325 रुपये का कारोबार किया। वहीं, चीन से 74,51,402 रुपये मूल्य का सामान आयात किया गया।
बताया गया कि 27 से 29 अक्टूबर तक तकलाकोट क्षेत्र में अत्यधिक बर्फबारी की आशंका जताई गई थी। ऐसे में व्यापारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने उन्हें निर्धारित समय से पहले वापस लौटने के निर्देश दिए। मौसम की चुनौती के कारण व्यापारियों को अपना व्यापारिक सत्र बीच में ही समेटना पड़ा।
सीमांत क्षेत्र में भारत और चीन के बीच होने वाला यह पारंपरिक व्यापार स्थानीय अर्थव्यवस्था और सीमावर्ती क्षेत्रों की व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। हालांकि, इस बार मौसम की चेतावनी ने व्यापारिक सत्र को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर विराम लगा दिया।
सभी भारतीय व्यापारियों की सुरक्षित वापसी के साथ ही इस वर्ष का भारत-चीन पारंपरिक व्यापार सत्र संपन्न हो गया। अब मौसम की परिस्थितियों और आगामी व्यापारिक सत्र को लेकर सीमांत क्षेत्र के व्यापारियों की निगाहें भविष्य की संभावनाओं पर टिकी हैं।