
राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उदयपुर की हिरल मोदी ने लहराया परचम
कैथल में शानदार प्रदर्शन कर जीता कांस्य पदक, सेंट मैथ्यूज मिशन स्कूल में खुशी की लहर
कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर उदयपुर की होनहार मुक्केबाज हिरल मोदी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाते हुए शहर का गौरव बढ़ाया है। हरियाणा के कैथल सिटी में आयोजित सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिरल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
हिरल मोदी सेंट मैथ्यूज मिशन स्कूल,उदयपुर की छात्रा हैं और बॉक्सिंग के क्षेत्र में निरंतर अपनी प्रतिभा को निखार रही हैं। वह उदयपुर के वॉरियर बॉक्सिंग क्लब में कोच वर्धमान सिंह नरूका के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति जुनून के बल पर हिरल ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
विद्यालय के कोच सरदार सिंह राणावत ने हिरल की इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतना उनके परिश्रम और खेल कौशल का सराहनीय परिणाम है। उनकी सफलता ने विद्यालय और उदयपुर को गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल नितिन नाथ ने हिरल मोदी को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि हिरल आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी