
*चेन चोरी की शिकायत पर पीड़िता से उल्टे सवाल! शनिदेव धाम चौकी पुलिस के रवैये पर उठे सवाल*
*प्रतापगढ़ जिले के थाना देल्हूपुर क्षेत्र स्थित शनिदेव धाम में दर्शन करने आई एक महिला की सोने की चेन चोरी होने के मामले में पुलिस के कथित रवैये को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत करने पर पुलिस ने मदद करने के बजाय ऐसे सवाल पूछे, जिससे वह खुद को अपमानित महसूस करने लगी।
पीड़िता श्यामू गुप्ता पत्नी राजेन्द्र गुप्ता, निवासी ग्राम सराय नहर राय, थाना मानधाता के अनुसार, शनिवार को दर्शन के दौरान उनके गले से करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन चोरी हो गई। घटना की जानकारी तत्काल मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को दी गई, लेकिन कार्रवाई के बजाय उनसे कथित रूप से पूछा गया कि "मंदिर परिसर के अंदर क्यों गई थीं?", "बिना बताए क्यों गईं?", "दर्शन करने क्यों आई थीं?" और "पता नहीं आप चेन पहनकर आई भी थीं या नहीं?"
पीड़िता और स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस का दायित्व घटना की जांच करना, सीसीटीवी फुटेज खंगालना और संदिग्धों की पहचान करना है, न कि पीड़ित व्यक्ति को ही कटघरे में खड़ा करना। उनका आरोप है कि यदि मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं तो फुटेज देखकर यह स्पष्ट किया जा सकता है कि महिला चेन पहनकर आई थीं या नहीं तथा चोरी किसने की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिदेव धाम में भीड़भाड़ के दौरान चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिकायत मिलने पर तत्काल जांच शुरू करने की आवश्यकता है।
लोगों ने सवाल उठाया कि यदि कोई श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने आता है, तो क्या उसे पहले पुलिस प्रशासन से अनुमति लेनी होगी? पीड़िता का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।