
पेंशनर्स विभाग सवाई माधोपुर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार मंगलवार को पेंशनर्स विभाग, सवाई माधोपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता अभय कुमार गुप्ता ने उपस्थित पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन, माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम 2007, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा वृद्धजनों के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिक अपने अधिकारों की रक्षा हेतु उपलब्ध कानूनी प्रावधानों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से प्री-लिटिगेशन स्तर के प्रकरणों एवं न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के आपसी समझौते से त्वरित एवं सरल निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस दौरान पैनल अधिवक्ता राजेंद्र यादव द्वारा स्थायी लोक अदालत के माध्यम से जन उपयोगी सेवाओं जैसे विद्युत, जल, परिवहन, डाक, बैंक एवं वित्तीय सेवा आदि से संबंधित विवादों के प्रभावी निस्तारण तथा राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना के माध्यम से किसी अपराध से पीड़ित व्यक्ति या उनके आश्रितो को प्रतिकर राशि के भुगतान एवं उसके लिए आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में अधिकार मित्र सुनिता जोनवाल, मुकेश कुमार शर्मा एवं पेंशनर्स विभाग के अध्यक्ष हाकिम सिंह चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामस्वरूप अग्रवाल, जिला मंत्री घनश्याम मंगल, अशोक सिंह, अशोक गुप्ता, शंभू दयाल, हरद्वारी लाल, ओम प्रकाश, राधेश्याम बडाया, दुर्गा प्रसाद शर्मा, नवरतन जैन, किशन लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं वृद्धजन उपस्थित रहे।