कटिहार में स्मैक तस्करी में भाई-बहन गिरफ्तार, 28 ग्राम नशीला पदार्थ और नकदी बरामद
मुफस्सिल थाना पुलिस ने रामपुर गांव में छापेमारी कर स्मैक तस्करी के आरोप में सगे भाई-बहन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विवेकानंद यादव उर्फ विक्रम कुमार (28) और डॉली कुमारी (26), दोनों रामपुर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से 28 ग्राम स्मैक, 11 मोबाइल और 58,020 रुपये नकद बरामद किए। गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और बरामद नकदी व स्मैक के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।