
राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को दी विदाई, पवन चौधरी ने बढ़ाया मनोबल
देशआदेश
कोटड़ी व्यास (सिरमौर): शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास में राष्ट्रीय अंडर-17 रग्बी कैंप के समापन अवसर पर खिलाड़ियों के लिए एक भव्य विदाई समारोह (सी ऑफ सेरेमनी) का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं खेल प्रेमी पवन चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए पवन चौधरी ने कहा कि खेलों में सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने और राष्ट्रीय स्तर पर अपने विद्यालय, क्षेत्र व पूरे प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों के प्रति पवन चौधरी का सहयोग सराहनीय
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक धर्मेंद्र चौधरी ने पवन चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के प्रति उनका स्नेह और सहयोग हमेशा प्रेरणादायक रहा है। वे सदैव युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर रहते हैं।
उन्होंने बताया कि कोटड़ी व्यास पवन चौधरी का ननिहाल है, इसलिए इस क्षेत्र के खिलाड़ियों के प्रति उनका विशेष लगाव और अपनापन है। राष्ट्रीय स्तर पर खेलने जा रहे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनका यहां आना बेहद सराहनीय है। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में समाज के ऐसे प्रबुद्ध लोगों का सहयोग नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने भी दीं शुभकामनाएं
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष मान सिंह ने भी खिलाड़ियों को विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश टीम के कोच धर्मेंद्र चौधरी, चीफ डी मिशन चंद्र मोहन शर्मा, मैनेजर कृष्णा चौधरी तथा सहायक कोच विजय कुमारी, ज्योति कुमारी और कांता देवी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर हिमाचल प्रदेश का नाम चमकाएंगे।
छोटा स्कूल, बड़ी उपलब्धियां: पवन चौधरी
कार्यक्रम के अंत में कोच धर्मेंद्र चौधरी ने पवन चौधरी का हृदय से धन्यवाद करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।
इस दौरान पवन चौधरी ने भावुक होते हुए कहा, "यह पूरे कोटड़ी व्यास क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि इतने छोटे से विद्यालय में रग्बी का राष्ट्रीय कैंप आयोजित हुआ। इस स्कूल ने खेल के क्षेत्र में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिस पर मुझे बेहद गर्व है।"