
होटल में ताश के पत्तों पर दांव लगाते 4 जुआरी गिरफ्तार, पुलिस ने 2.56 लाख नकदी कि जब्त
सवाई माधोपुर | जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के एक होटल में चल रहे अवैध जुआ-सट्टे के कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हम्मीर सर्किल के पास स्थित एक होटल पर दबिश देकर मौके से ताश के पत्तों पर नकदी का दांव लगाते हुए 4 जुआरियों नदीम उम्र 37 वर्ष निवासी हम्माल मोहल्ला, महेश मीना 32 वर्ष निवासी शेषा, हाल मीना कॉलोनी , रामलाल मीना निवासी इनायती, सपोटरा, करौली और देवीसहाय मीना निवासी खोहरा नंदसिंह, बालाहेती, दौसा को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,56,020 रुपये की भारी नकदी और जुआ उपकरण जब्त किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठ मैत्रेयी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजौरा एवं पुलिस उपाधीक्षक (शहर) राजेन्द्र मीना के सुपरविजन थानाधिकारी माँगे लाल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। कोतवाली थानाधिकारी मांगेलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल में ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाकर अवैध जुआ खेला जा रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नियमानुसार सर्च वारंट प्राप्त कर होटल परिसर की तलाशी ली, जहाँ ये चारों आरोपी ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाते हुए पकड़े गए। पुलिस को अचानक देखकर आरोपी हड़बड़ा गए।
जब्त सामग्री और मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹2,56,020 की नकदी और ताश के पत्तों समेत जुआ उपकरण मौके पर ही जब्त कर लिए। चारों मुल्जिमों को गिरफ्तार कर कोतवाली थाने में मामला पंजीकृत किया गया है, जिसमें पुलिस द्वारा आगे का अनुसंधान जारी है।