
सरकारी जमीन अतिक्रमण मामले में प्रशासन का चला बुलडोजर, सरकारी रास्ता कराया गया अतिक्रमण मुक्त
तीनपहाड़। थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा तेतुलिया गांव में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल के आदेश तथा अंचल अधिकारी राजमहल के निर्देश पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटा तेतुलिया मौजा स्थित सरकारी रास्ते पर अवैध अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्रशासन को प्राप्त हुई थी। मामले की जांच तथा न्यायालय के आदेश के आलोक में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। इसके तहत अंचल निरीक्षक के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों एवं पुलिस बल की टीम मौके पर पहुंची और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर की सहायता से अतिक्रमण को हटाया गया तथा सरकारी रास्ते को पूरी तरह खाली कराया गया। प्रशासन की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद ग्रामीणों के आवागमन के लिए रास्ता पुनः सुचारू रूप से खोल दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि रास्ता अतिक्रमण मुक्त होने से लोगों को आने-जाने में हो रही परेशानी से राहत मिलेगी।