
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने प्रदेशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
मुरैना । प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस भारत की गौरवशाली विरासत, राष्ट्रीय स्वाभिमान और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक पर्व है। यह दिन उन अमर स्वतंत्रता सेनानियों, वीर बलिदानियों और राष्ट्रनायकों के त्याग, संघर्ष एवं अदम्य साहस को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया।
कंषाना ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और दायित्वों को स्मरण करने का प्रेरणादायी पर्व भी है। यह दिवस हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति और विकास में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करता है।
कृषि मंत्री ने प्रदेशवासियों से देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के नागरिक अपने परिश्रम, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। श्री कंषाना ने स्वतंत्रता दिवस पर सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
#morena #मुरैना Aidal Singh Kansana