बिलासपुर पुलिस ने पंजाब तक खंगाली चिट्टा सप्लाई की कड़ी, मुख्य सप्लायर समेत दो गिरफ्तार
7.89 ग्राम चिट्टा बरामदगी से शुरू हुई जांच जलालाबाद और रूपनगर तक पहुंची, 4.13 ग्राम चिट्टा व 37 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद
बिलासपुर। नशा तस्करी के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा सप्लाई नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। 7.89 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पंजाब में दबिश देकर मुख्य सप्लायर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
मामले की शुरुआत 11 अगस्त 2026 को हुई, जब बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नाकाबंदी के दौरान 36 वर्षीय पंकज ठाकुर निवासी नालग, बरमाणा को 7.89 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद थाना स्वारघाट में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्यों और मनी ट्रेल को खंगाला। पूछताछ में सामने आया कि पंकज ठाकुर कथित तौर पर पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद निवासी आकाशदीप से चिट्टा खरीदता था। जांच आगे बढ़ने पर रूपनगर निवासी जगबीर सिंह का नाम भी सामने आया।
इसके बाद स्वारघाट पुलिस की टीम ने 12 अगस्त को पंजाब में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय जगबीर सिंह निवासी असमानपुर, जिला रूपनगर और 24 वर्षीय आकाशदीप निवासी बलुवाणा, जलालाबाद, जिला फाजिल्का के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आकाशदीप के कब्जे से 4.13 ग्राम चिट्टा और 37,000 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि पंकज ठाकुर कथित तौर पर लंबे समय से आकाशदीप से चिट्टा खरीदकर बिलासपुर क्षेत्र में इसकी सप्लाई कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि पंकज ठाकुर के खिलाफ पहले भी NDPS Act सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, संभावित सप्लायरों और नशे की सप्लाई की पूरी कड़ी को खंगाल रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सप्लाई नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड लिंकेज पर लगातार काम कर रही है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
#BilaspurNews #HimachalNews #BilaspurPolice #Swarghat #Chitta #NDPSAct #DrugBust #DrugSupplyChain #BackwardLinkage #Punjab #Jalalabad #Fazilka #Ropar