ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ से नकबजनी का खुलासा, CCTV फुटेज से पकड़ाया नाबालिग
देवास। थाना नाहर दरवाजा पुलिस ने ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ के तहत नकबजनी की एक वारदात का खुलासा करते हुए चोरी गया करीब 20 हजार रुपये कीमत का शत-प्रतिशत मश्रुका बरामद किया है। पुलिस ने मामले में विधि से संघर्षरत बालक की पहचान कर उसे अभिरक्षा में लिया और नियमानुसार किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की मध्यरात्रि बहादुरशाह मार्ग स्थित रामद्वारे के सामने ऋतुराज होजरी दुकान में चोरी की वारदात हुई थी। अज्ञात बदमाश ने दुकान के बाहर रखे वाटर कूलर को तोड़ने के साथ दुकान का ताला भी तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर मूर्तियां, बर्तन, चांदी का सिक्का और करीब 4,500 रुपये नकद सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था।
फरियादी उत्कर्ष जैन की रिपोर्ट पर थाना नाहर दरवाजा में अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV ने खोला चोरी का राज
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल विधि से संघर्षरत बालक की पहचान की।
पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान उसने घटना करना स्वीकार किया। उसकी निशादेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया। बरामद मश्रुका की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
नाबालिग को नियमानुसार किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश के पालन में उसे बाल सुधार गृह, उज्जैन भेजा गया।
बरामद सामान में दुकान से चोरी गई मूर्तियां, बर्तन, चांदी का सिक्का और अन्य सामान शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत के निर्देशन में ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ के तहत की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी नाहर दरवाजा निरीक्षक आलोक सोनी सहित पुलिस टीम और साइबर सेल देवास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।