
छिंदवाड़ा जुड़े महानगरों से, मुंबई-पुणे-कोलकाता के लिए छिंदवाड़ा से शुरू हों ट्रेनें : सांसद बंटी विवेक साहू
रेलवे की बैठक में सांसद ने ट्रेनों के विस्तार, नई रेल सुविधाओं, दोहरीकरण और अधोसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे
छिंदवाड़ा। संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने नागपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बैठक में क्षेत्र की प्रमुख रेल समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा। बैठक में सांसद ने छिंदवाड़ा को देश के प्रमुख महानगरों से सीधे जोड़ने, ट्रेनों के विस्तार, नए स्टॉपेज, कोच बढ़ाने, रेल लाइनों के दोहरीकरण सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
सांसद साहू ने टाटानगर-इतवारी एवं चित्रकूट एक्सप्रेस को छिंदवाड़ा तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों का छिंदवाड़ा तक विस्तार होने से क्षेत्र के यात्रियों को नागपुर, रायपुर, टाटानगर और कोलकाता सहित पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी। साथ ही नागपुर एवं जबलपुर में उपलब्ध रैकों का बेहतर उपयोग भी किया जा सकेगा।
उन्होंने छिंदवाड़ा को मुंबई और पुणे जैसे महानगरों से जोड़ने के लिए नई ट्रेन सेवाएं प्रारंभ करने अथवा मौजूदा ट्रेनों के विस्तार की आवश्यकता भी रखी।
पेचवेली और पातालकोट में बढ़ाए जाएं कोच
सांसद ने कहा कि पेचवेली एवं पातालकोट ट्रेनों का नैनपुर एवं सिवनी तक विस्तार होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ी है, लेकिन कोचों की संख्या पर्याप्त नहीं है। उन्होंने एसी-2, एसी-3 और सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाने तथा प्रतीक्षा सूची की समस्या दूर करने की मांग की।
चौरई और लोधीखेड़ा में हो ट्रेनों का स्टॉपेज
सांसद ने नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस का चौरई में स्टॉपेज किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा और सिवनी के बीच करीब 70 किलोमीटर की दूरी में इस ट्रेन का कोई स्टॉपेज नहीं है। वहीं लोधीखेड़ा में शहडोल-नागपुर एवं रीवा-इतवारी ट्रेन का स्टॉपेज प्रारंभ करने की मांग भी की गई।
उन्होंने नागपुर से जबलपुर की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों को छिंदवाड़ा होकर संचालित करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे रेल मार्ग की दूरी में लगभग 133 किलोमीटर की कमी आ सकती है।
छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-सागर रेल लाइन और दोहरीकरण की मांग
सांसद ने छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-सागर रेल लाइन के पुनरीक्षित सर्वे की प्रगति की जानकारी मांगी। साथ ही छिंदवाड़ा-नागपुर, छिंदवाड़ा-सिवनी एवं छिंदवाड़ा-आमला रेलखंड के आवश्यकता एवं नीति के अनुसार दोहरीकरण की मांग रखी।
चारफाटक और चौरई में अंडरब्रिज की मांग
सांसद साहू ने छिंदवाड़ा शहर के चारफाटक क्षेत्र में अंडरब्रिज निर्माण के प्रस्ताव पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में रेलवे अधिकारियों के साथ निरीक्षण भी किया जा चुका है।
इसी प्रकार छिंदवाड़ा-सिवनी मुख्य मार्ग पर चौरई से कुंडा-अमरवाड़ा जाने वाले मार्ग में रेलवे लाइन के दूसरी ओर स्थित चिकित्सालय एवं कृषि उपज मंडी को देखते हुए अंडरब्रिज निर्माण की आवश्यकता बताई।
पिट लाइन और मेमो ट्रेन की सुविधाओं का विस्तार
सांसद ने कहा कि छिंदवाड़ा के आसपास किसी भी स्टेशन पर पिट लाइन नहीं है। छिंदवाड़ा में उपलब्ध रेलवे भूमि पर पिट लाइन बनाए जाने से यहां अन्य ट्रेनों का संधारण भी संभव हो सकेगा।
उन्होंने मेमो ट्रेन में अतिरिक्त कोच, महिला कोच, महिला आरपीएफ की तैनाती और फेरों में वृद्धि की मांग भी रखी।
रेलवे अंडरब्रिजों में जलभराव का मुद्दा भी उठाया
सांसद ने रेलवे द्वारा बनाए गए अंडरब्रिजों में बारिश के दौरान पानी भरने की शिकायतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई स्थानों पर उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने डिजाइन एवं जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार कराने की मांग की।
छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन की दुकानों के बढ़े किराए का मुद्दा
सांसद ने छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन परिसर में वर्षों से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों के किराए में भारी वृद्धि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से मांग की कि दुकानदारों की वास्तविक आय और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उचित एवं व्यावहारिक किराया निर्धारित किया जाए।
स्टेशन पर महिला प्रतीक्षालय और जन औषधि केंद्र की प्रगति मांगी
पूर्व बैठकों में दिए गए आश्वासनों पर कार्रवाई की जानकारी मांगते हुए सांसद ने छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षालय तथा जन औषधि केंद्र खोलने की प्रगति से अवगत कराने को कहा।
स्टेशन के दक्षिणी हिस्से में आवागमन की सुविधा की मांग
सांसद ने कहा कि छिंदवाड़ा मुख्य रेलवे स्टेशन के उत्तर दिशा में ही आवागमन की सुविधा है। दक्षिण दिशा में रेलवे लोको कॉलोनी, रेलवे अस्पताल और कर्मचारियों की आवाजाही को देखते हुए अतिरिक्त मार्ग की आवश्यकता है। उन्होंने जीआरपी थाने के पास बने फुट ओवरब्रिज को दोनों ओर सड़क से जोड़ने का सुझाव दिया।
उन्होंने रेलवे अस्पताल में दवाइयों के लिए उपलब्ध इम्प्रेस्ट राशि बढ़ाने तथा सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को दवाइयों की सुविधा बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
बैठक में जोनल रेलवे सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि सत्तेंद्र ठाकुर तथा रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि छिंदवाड़ा-पांढुर्णा क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के विकास और आम यात्रियों की सुविधा से सीधे जुड़ा विषय है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से सभी प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनकी प्रगति से अवगत कराने का आग्रह किया।
Junnardeo, Chhindwara | Sep 19, 2026