आजादी के रंग में रंगा स्टार वे सीनियर सेकेंडरी स्कूल
देशभक्ति गीतों, नृत्य और नारों से गूंजा विद्यालय परिसर
यमुनानगर, 14 अगस्त: स्टार वे सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खुरदी, यमुनानगर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आजादी का पखवाड़ा बड़े उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती दीपमाला कांबोज ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों को आजादी के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता के महत्व को समझना चाहिए, मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और अपने अच्छे कार्यों से देश का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह आजादी हमें अनेक वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद मिली है, इसलिए हमें इसकी कीमत और महत्व को सदैव समझना चाहिए।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने तिरंगे के रंगों की सुंदर पोशाकें पहनकर सभी का मन मोह लिया। उन्होंने ‘I Love My India’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताएँ एवं गीत भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में ‘देशभक्ति रंगीला’, ‘मिट्टी के बेटे’, ‘सारे जहाँ से अच्छा’, ‘साड्डा एक तिरंगा भारी’ और ‘संदेसे आते हैं’ जैसे देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया।
विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती स्नेहलता कांबोज ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हम सभी भारतीय हैं, इसलिए हमें भारतीय होने पर गर्व होना चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में खूब मेहनत करने, बुराइयों से दूर रहने और अपने कार्यों से देश एवं विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति और अपने देश के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।