मऊ में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 27 वाहनों का चालान और 3 सीज
मऊ में यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़कों पर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। यातायात माह के तहत बुधवार को थाना दक्षिण टोला क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा में पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर चलने, तेज रफ्तार और स्टंटबाजी करने वाले वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 27 वाहनों का चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों को सीज कर दिया गया। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सड़क पर किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की है।