
*नगर निकाय आम चुनाव-2026: नामांकन के लिए लोक सूचना जारी*
*पहले दिन गंगापुर नगर परिषद के लिए कुल 11 उम्मीदवारों ने नामांकन दर्ज किए*
*सवाई माधोपुर, 27 अगस्त।* राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत जिले के सभी 6 नगर निकायों में संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने गुरुवार को लोक सूचना जारी कर दी है। लोक सूचना जारी होने के साथ ही नगर निकायों में सदस्य पद हेतु नाम-निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, जिले के 6 नगर निकायों के आम चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे। प्रथम चरण में नगर परिषद सवाई माधोपुर तथा नगर पालिका खण्डार और बौंली में निर्वाचन होंगे। वहीं दूसरे चरण में नगर परिषद गंगापुर सिटी तथा नगर पालिका बामनवास और वजीरपुर में निर्वाचन होंगे।
संजय शर्मा ने बताया कि नामांकन प्राप्त करने के पहले दिन गंगापुर सिटी नगर परिषद के विभिन्न वार्डो के लिए कुल 11 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा आम चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, सदस्य पद हेतु संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा लोक सूचना जारी की गई है तथा 31 अगस्त, 2026 नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि है। इन दिनों में 28 अगस्त और 30 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन प्राप्त नहीं किए जाएंगे। इसी कड़ी में 1 सितंबर, 2026 को नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा की जाएगी तथा 3 सितंबर, 2026 को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। 4 सितम्बर, 2026 को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। प्रथम चरण के लिए मतदान 9 सितंबर, 2026 तथा द्वितीय चरण के लिए मतदान 11 सितंबर, 2026 को होगा। मतदान का समय सवेरे 07 बजे से सायं 06 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतगणना 14 सितंबर, 2026 को की जाएगी।
*अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए लोक सूचना 15 सितम्बर को जारी होगी:-* नगरीय निकायों के अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए 15 सितम्बर, 2026 को लोक सूचना जारी की जाएगी। 16 सितम्बर, 2026 को नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे तथा 17 सितम्बर, 2026 को नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 18 सितम्बर, 2026 को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी तथा इसी दिन अभ्यर्थिता वापस लेने के समय के तुरंत बाद निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। 21 सितम्बर, 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक मतदान होगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपाध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए 22 सितम्बर, 2026 को निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। इस दिन प्रातः 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी, प्रातः 11 बजे तक नामांकन पत्रों का प्रस्तुतीकरण होगा और प्रातः 11ः30 बजे से नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा होगी तथा अपराह्न 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। आवश्यक होने पर दोपहर 2ः30 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
*मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र के अलावा 11 दस्तावेज दिखाने का विकल्प:-* मतदान के समय मतदाता को पहचान पत्र (ईपीआईसी) प्रस्तुत करना होगा। जिन मतदाताओं के पास ईपीआईसी न हो तो वे चुनाव की घोषणा किये जाने से पूर्व में जारी 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजो में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। इन दस्तावेजों में आधार कार्ड, विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)/ मनरेगा कार्ड, बैंको/ डाकघर द्वारा जारी किए गए फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कोर्ड/ आयुष्मान भारत हैल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेन्स, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, केन्द्र / राज्य सरकार / लोक उपक्रम / पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड आदि सम्मिलित हैं।
---000---