पुवायां में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में महिला समेत दो गिरफ्तार
शाहजहांपुर। पुवायां थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने महिला समेत दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्राम मजीदपुर निवासी अनूप कुमार उम्र 26 वर्ष ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। उपचार के दौरान एक अगस्त को बरेली में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई अखिल की तहरीर पर मनु देवी उर्फ मन्नू पत्नी अनूप कुमार और दिलीप उर्फ अनुपेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मनु देवी को उसके घर से और दिलीप को मोहम्मदी मोड़ स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने से गिरफ्तार किया। पुलिस दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।