
सांसद जिन्दल धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा आगे रहते हैं: धर्मवीर सिंह
सांसद नवीन जिन्दल ने श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा को विकास कार्यों के लिए दिए 5 लाख रुपये
कुरुक्षेत्र, 18 अगस्त। कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिन्दल ने श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा, कुरुक्षेत्र की विकासात्मक एवं धार्मिक गतिविधियों के लिए 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की है। यह राशि सांसद कार्यालय के प्रभारी धर्मवीर सिंह और थानेसर हल्का प्रभारी बलविंद्र सिंह द्वारा 17 अगस्त को भगवान कालेश्वर महादेव की महाआरती के पश्चात श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रतिनिधियों को प्रदान की गई।
इस अवसर पर सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल कुरुक्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को विशेष महत्व देते हैं। सांसद जिन्दल तीर्थों की सेवा, धार्मिक स्थलों का विकास और सामाजिक गतिविधियों के सफल संचालन के लिए प्रयासरत हैं। उनका सदैव प्रयास रहा है कि धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं को उनके जनकल्याणकारी कार्यों में आवश्यक सहयोग मिले। उन्होंने कहा कि श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।
ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के मुख्य सलाहकार जयनारायण शर्मा ने सांसद नवीन जिन्दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभा की विकासात्मक गतिविधियों के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करना सांसद जी की धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग सभा के कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा, “श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा की ओर से हम माननीय सांसद श्री नवीन जिन्दल का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हैं। हमारी प्रार्थना है कि भगवान कालेश्वर महादेव का आशीर्वाद सदैव सांसद नवीन जिन्दल और उनके परिवार पर बना रहे और वे इसी प्रकार धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में अपना योगदान देते रहें।
इस अवसर पर यशेंद्र शर्मा प्रधान , रामपाल शर्मा महासचिव, विश्वकांत शर्मा सचिव, श्याम सुंदर तिवाड़ी पूर्व प्रधान, अशोक रोशा केडीबी सदस्य, अलकेश मौद्गिल केडीबी सदस्य और सभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी सांसद नवीन जिन्दल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा के लिए भगवान कालेश्वर महादेव से प्रार्थना की।