
संस्कृत की अलख जगाने वाली शिक्षिका हेमलता अग्रवाल ‘अग्रसेन सम्मान’ से सम्मानित
42वें राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में मिला सम्मान, हरदा का बढ़ाया गौरव; पद प्रक्षालन एवं महाआरती से हुआ अभिनंदन
अनोखा तीर, हरदा। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार, शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, शैक्षणिक नवाचार एवं सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए हरदा की शिक्षिका हेमलता अग्रवाल को विपिन जोशी स्मारक समिति द्वारा आयोजित 42वें राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में प्रतिष्ठित ‘अग्रसेन सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
हेमलता अग्रवाल वर्तमान में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, हरदा में उच्च माध्यमिक शिक्षक (संस्कृत) के रूप में सेवाएं दे रही हैं। वे संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार, विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि विकसित करने, शिक्षकों के प्रशिक्षण, शैक्षणिक नवाचार तथा सामाजिक स्तर पर संस्कृत भाषा के उत्थान के लिए निरंतर सक्रिय हैं। संस्कृत छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित एवं मार्गदर्शन प्रदान करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों ने विभिन्न स्तरों पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन तथा शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए विपिन जोशी स्मारक समिति द्वारा उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
पद प्रक्षालन एवं महाआरती से हुआ अभिनव सम्मान
सम्मान प्राप्त करने के बाद हेमलता अग्रवाल ने बताया कि 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में देशभर से चयनित 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए चयन समिति द्वारा शिक्षकों से प्राप्त प्रविष्टियों के आधार पर चयन किया गया।
उन्होंने कहा कि जीवन में उन्हें अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं, लेकिन शिक्षकों के पद प्रक्षालन एवं महाआरती के माध्यम से सम्मानित किए जाने का ऐसा अद्भुत और भावपूर्ण दृश्य उन्होंने पहली बार देखा। यह उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय अनुभव रहा।
उन्होंने कहा कि “शिक्षक पद, प्रतिष्ठा, माला या मेडल की अभिलाषा नहीं रखता, वह तो सच्चे भाव, आदर और सम्मान से ही अभिभूत हो जाता है। विपिन जोशी स्मारक समिति द्वारा किया गया यह सम्मान मेरे लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से कहीं अधिक संस्कृत भाषा, शिक्षा, भारतीय संस्कृति और समाज के प्रति मेरे निरंतर समर्पण का सम्मान है।”
हेमलता अग्रवाल को मिले इस राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से हरदा जिले का गौरव बढ़ा है। इस उपलब्धि पर गणमान्य अतिथियों, अग्रवाल परिवार, शिक्षाजगत से जुड़े लोगों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
Harda, Harda | Sep 7, 2026