
स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग एवं जेम-सीपीपी पोर्टल पर उद्यमियों को दी जानकारी
शमशी में रैंप कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित, 45 उद्यमियों ने लिया भाग
Kullu Times
उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा रैंप कार्यक्रम के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की प्रतिस्पर्धात्मकता और बाजार पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से शमशी औद्योगिक क्षेत्र, जिला कुल्लू में “स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग एवं जेम व सीपीपी पोर्टल” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में लगभग 45 उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र से अनुज कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने उद्यमियों से कार्यशाला का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म अपनाकर अपने व्यवसाय को अधिक सक्षम और प्रतिस्पर्धी बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में संजीव शर्मा ने स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उद्योग 4.0, ऑटोमेशन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), डेटा आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा लागत अनुकूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को उदाहरणों सहित समझाया।
दूसरे सत्र में ईशांत डोगरा ने गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) एवं सीपीपी पोर्टल के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने उद्यमियों को पोर्टल पर पंजीकरण, ऑनबोर्डिंग, बोली प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, एमएसएमई के लिए उपलब्ध प्रावधानों तथा सरकारी खरीद प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यशाला के दौरान रैंप टीम द्वारा उद्यमियों को आवश्यक तकनीकी सहायता एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमियों को आधुनिक तकनीकों और डिजिटल सरकारी खरीद प्लेटफॉर्म से जोड़कर उनकी कार्यक्षमता, प्रतिस्पर्धात्मकता तथा बाजार पहुंच को बढ़ावा देना रहा।
Kullu, Kullu | Sep 15, 2026