
जड़ेरुआ, सीतापुर एवं बानमौर औद्योगिक क्षेत्रों के प्रदूषण रोकने को विधायक ने कलेक्टर को पत्र भेजा👇
मुरैना! मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर ने जड़ेरुआ औद्योगिक क्षेत्र, सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र एवं बानमौर औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों से फैल रहे प्रदूषण एवं दूषित पानी की गंभीर समस्या को लेकर जिला कलेक्टर मुरैना को पत्र भेजकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
विधायक दिनेश गुर्जर ने कहा कि इन औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित फैक्ट्रियों से निकलने वाला दूषित पानी नदियों में छोड़ा जा रहा है तथा आसपास की जमीनों में गड्ढे खोदकर भी डाला जा रहा है। इसके कारण क्षेत्र के हैंडपंपों से दूषित पानी निकल रहा है और भूजल एवं पर्यावरण लगातार प्रभावित हो रहा है। दूषित पानी के सेवन से जीव-जंतुओं, पशु-पक्षियों को नुकसान पहुंच रहा है। पूर्व में दूषित पानी पीने से कई भैंसों एवं मोरों की मृत्यु होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
लिखा है कि जड़ेरुआ, दोरावली, धनेला, बमूर बसई, जखोदा, बानमोर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी और धुएं के कारण आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों द्वारा चर्म रोग एवं अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायतें की जा रही हैं तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है।
विधायक के मुताबिक इस गंभीर समस्या के संबंध में उनके द्वारा पूर्व में विधानसभा में प्रश्न भी लगाया गया था, लेकिन उन्हें दी गई जानकारी वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाती थी। इसके अलावा स्थानीय लोगों के बताए अनुसार विधायक द्वारा कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद भी आज दिनांक तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
विधायक दिनेश गुर्जर ने जिला प्रशासन से मांग की है, कि तीनों औद्योगिक क्षेत्रों की तत्काल जांच कराई जाए, फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी एवं धुएं की जांच कराई जाए तथा बिना उपचार के दूषित पानी नदियों एवं जमीन में डालने वाली फैक्ट्रियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही नदियों में दूषित पानी छोड़ने पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों के हैंडपंपों एवं पेयजल स्रोतों के पानी की जांच कराकर लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। यदि प्रशासन द्वारा इस गंभीर मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में सड़कों पर उतरकर जन आंदोलन किया जाएगा।