
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएचएन डे) पर जिलेभर में होंगे विशेष आयोजन
गर्भवती महिलाओं की सघन स्क्रीनिंग, एएनसी जांच, टीकाकरण एवं पोषण सेवाओं पर रहेगा विशेष फोकस
बीकानेर, 15 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिलेभर में गुरुवार को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएचएन डे) का आयोजन किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित होने वाले जिले के सभी एमसीएचएन सत्र स्थलों पर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं, शिशुओं एवं बच्चों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत निर्धारित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डॉ. पुखराज साध ने बताया कि 15 जुलाई से प्रारंभ हुए गर्भवती महिलाओं की सघन स्क्रीनिंग के पांच दिवसीय विशेष अभियान के तहत जिले में भी गर्भवती महिलाओं की समग्र प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) की जा रही है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सा दल विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं एमसीएचएन सत्र स्थलों का निरीक्षण कर सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करेंगे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने बताया कि एमसीएचएन दिवस पर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, रक्तचाप एवं वजन की जांच, हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा एवं मूत्र जांच सहित आवश्यक प्रयोगशाला जांचें की जाएंगी। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) की पहचान कर आवश्यकतानुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया जाएगा। लाभार्थियों को टिटनेस-डिप्थीरिया (टीडी) टीकाकरण, आयरन-फोलिक एसिड एवं कैल्शियम की दवाओं का वितरण तथा नियमित सेवन के संबंध में परामर्श भी दिया जाएगा। साथ ही बच्चों का 11 जानलेवा बीमारियों से प्रतिरक्षण हेतु नियमित टीकाकरण भी होगा।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, गर्भावस्था के दौरान खतरे के लक्षणों की पहचान, समय पर संस्थागत प्रसव, जन्म की तैयारी, नवजात शिशु की देखभाल, जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान प्रारंभ करने, छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने, प्रसवोत्तर देखभाल तथा परिवार नियोजन संबंधी परामर्श भी प्रदान किया जाएगा।